फोटो- 4- ईद पर्व पर शहर के उटारखाना मोहल्ले के एक घर में नमाज अदा करते नन्हें रोजेदार
- फोटो : CHITRAKUTT
चित्रकूट। लॉकडॉउन के चलते ईद पर पहली बाद शहर के पुरानी बाजार स्थित ईदगाह नमाजियों से सूना रहा। इसके साथ ही शहर की जामा मस्जिद, काजियाना, नूरानी मस्जिद सहित जिलेभर की मस्जिदों में हर साल की तरह हुजूम नहीं उमड़ सका। धर्मनगरी में सांप्रदायिक सद्भाव का संदेश देते हुए अकीदतमंदों ने लॉकडाउन का पालन किया। घर में नमाज अदा कर मुल्क की खुशहाली की दुआ मांगी।
जिले भर में ईदगाह से लेकर मस्जिदों पर जाकर नमाज पढ़ने का कोई प्रयास नहीं किया गया। सभी संवेदनशील स्थलों पर सुबह से ही पुलिस बल तैनात रहा। सुरक्षा के लिए ड्रोन कैमरे का भी प्रयोग किया गया। डीएम और एसपी ने मुस्लिम बस्ती में जाकर मुस्लिम समुदाय को ईद की मुबारकबाद दी। सोमवार की सुबह से ही मुस्लिम बस्तियों में सुबह से चहल पहल शुरू हो गई।
बच्चे रंग बिरंगे कपडे़ पहनकर एक-दूसरे को ईद की बधाई देते रहे। घर के बडे़ बुजुर्ग भी एक दूसरे को घर के दरवाजे के पास से बधाई दी। कई परिवार के सदस्य मास्क लगाकर एक-दूसरे के घर गए। जहां पर सेवईं खिलाकर ईद की बधाई दी। ग्रामीण क्षेत्रों में भी सीतापुर कस्बा, मानिकपुर, मऊ, राजापुर, भरतकूप सहित अन्य क्षेत्रों मेें जहां मुस्लिम बस्ती हैं। वहां लॉकडाउन का पालन किया गया। शहर काजी मो. सरफराज, व हाफिज मुजिबुरर्हमान ने सभी से घर पर ही नमाज अदा करने की अपील की थी।