चित्रकूट। प्रधानमंत्री आवास योजना की मजदूरी दूसरे के खातों में डालने का मामला सामने आया है, जिसमें लाभार्थियों ने ग्राम प्रधान और सचिव पर धनराशि के गबन का आरोप लगाया है। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
यह मामला पहाड़ी विकास खंड का है। सगवारा निवासी निर्मला देवी ने बताया कि उनके प्रधानमंत्री आवास योजना के 56 दिन के 13272 रुपये बलराम के खाते में डालकर निकाल लिए गए। उन्होंने प्रधान पर आवास देने के नाम पर 10000 रुपये लेने का भी आरोप लगाया।
इसी तरह, सगवारा निवासी भूपत ने बताया कि उनकी 47 दिन की 10992 रुपये की मजदूरी ग्राम प्रधान ने अपनी पत्नी के खाते में डालकर निकाल ली। शिकायतकर्ताओं ने बीडीओ से भी शिकायत की थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। मुख्य विकास अधिकारी डीपी पाल ने बताया कि शिकायत मिली है और जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।