फोटो-03 सीकेटीपी 05 रामसिया वर्मा, प्रवक्ता रसायन विज्ञान। संवाद
-यूपी बोर्ड परीक्षा: रसायन विज्ञान में सफलता के लिए प्रभावी रणनीति
संवाद न्यूज एजेंसी
चित्रकूट। यूपी बोर्ड परीक्षा के परीक्षार्थी रसायन विज्ञान में अच्छे अंक प्राप्त करने के लिए पूरी लगन से जुटे हुए हैं। शिक्षकों की देखरेख में वे समय-सारणी बनाकर अभ्यास कर रहे हैं। स्कूलों में अवकाश के बावजूद, छात्र शिक्षकों से महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त कर रहे हैं और मॉडल प्रश्नपत्रों को हल करने में लगे हुए हैं। इस तैयारी में लिखने के साथ-साथ चित्रों के माध्यम से अवधारणाओं को समझना भी शामिल है।
रसायन विज्ञान के प्रवक्ता रामसिया वर्मा के अनुसार, छात्रों को समय का सदुपयोग करते हुए विषय के छोटे-छोटे नियमों और सिद्धांतों को उदाहरणों के साथ लिखकर दोहराना चाहिए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि छात्र अपनी पाठ्यपुस्तक के महत्वपूर्ण प्रश्नों के उत्तरों के संक्षिप्त नोट्स तैयार करें, ताकि कम समय में उनका दोहराव किया जा सके। परीक्षार्थियों को विभिन्न प्रकार की प्रश्न बैंकों के चक्कर में पड़ने के बजाय, स्वयं द्वारा बनाए गए या शिक्षकों द्वारा बताए गए प्रश्नों के उत्तरों पर भरोसा करना चाहिए। मनोबल ऊंचा रखना और परीक्षा की तैयारी को लेकर घबराहट से बचना अत्यंत महत्वपूर्ण है।
परीक्षा के अंतिम चरण में, नए विषयों को पढ़ने की बजाय, पहले पढ़े हुए अध्यायों का पुनरीक्षण (रिवीजन) करना अधिक फायदेमंद होता है। नियमित रूप से एक निश्चित समय पर अध्ययन करने से विषय पर पकड़ मजबूत होती है। इसके अतिरिक्त, प्रायोगिक परीक्षा के 30 अंक भी परिणाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए, छात्रों को प्रयोगों की विधियों, चार्ट, रिकॉर्ड और मौखिक प्रश्नों की तैयारी पहले से ही कर लेनी चाहिए। साथ ही छात्रोें को सलाह दी, कि वे घबराहट से बचें और आत्मविश्वास के साथ अपनी तैयारी जारी रखें। नियमित अभ्यास और एक सुविचारित रणनीति के साथ, रसायन विज्ञान जैसे विषय में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करना निश्चित रूप से संभव है।