चित्रकूट। उद्योग बंधु की बैठक में व्यापारियों ने आबादी और कृषि योग्य भूमि को औद्योगिक क्षेत्र की भूमि घोषित की मांग की। डीएम को बताया कि बिजली कटौती व माल वाहक वाहनों की नो इंट्री से व्यापार में नुकसान हो रहा है।
गुरुवार को कलक्ट्रेट सभागार में डीएम शिवशरणप्पा ने जिला उद्योग बंधुओं के साथ बैठक की। व्यापारियों ने बैंकों से लोन नहीं मिलने सहित बिजली की समस्या का मुद्दा उठाया। डीएम ने बैंक अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन व्यापारियों ने उद्योग लगाने के लिए बैंकों से ऋण के लिए आवेदन किया है, उनको समय से ऋण उपलब्ध कराया जाए। डीएम ने उपायुक्त जिला उद्योग केंद्र विकास कुमार से कहा कि ने कहा जिन उद्यमियों ने उद्योग लगाने के लिए एमओयू हस्ताक्षर किया है, वह बैंक अधिकारियों से मिलकर ऋण देने में जो कमियां हैं, उनको दूर किया जाए। ताकि जनपद में अधिक से अधिक उद्योग लगाए जा सके।
उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष ओम केसरवानी ने कहा कि शहर के हाईवे पर स्थित पुराने पुल की मरम्मत व सफाई कराने की मांग की। युवा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष राहुल गुप्ता ने कहा कि बिजली कटौती व दिन में मालवाहक वाहनों के शहर में प्रवेश या निकासी का समय न मिलने से व्यापार प्रभावित है। इसमें सुधार कराया जाए।
डेंगू से निपटने के लिए शहर में फाॅगिंग कराई जाए। बैठक में व्यापार मंडल के महामंत्री गुलाब चंद्र गुप्ता, अंकित पहाड़िया, गोलू गुप्ता, सुनील द्विवेदी, ऋषि आर्य, उद्यमी मित्र सुधा सिंह, फूलचंद्र सहित कोआपरेटिव बैंक बांदा के अध्यक्ष पंकज अग्रवाल बिजली विभाग अधिशासी अभियंता दीपक सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भूपेश द्विवेदी, सीओ नगर राजकमल व यातायात प्रभारी शैलेंंद्र सिंह आदि मौजूद रहे। बैठक के बाद व्यापारी नेताओं ने डीएम को माला पहनाकर सम्मानित किया।