चित्रकूट/राजापुर। मुख्यालय समेत आस पास के क्षेत्र में बिजली कटौती से आम जनमानस बेहद परेशान हैं। इसके चलते जलापूर्ति भी प्रभावित हो रही है। मंगलवार व बुधवार को मुख्यालय के कई मोहल्ले में जलापूर्ति नहीं हुई। कुछ ऐसे ही हालत राजापुर कस्बे में भी है।
जिला मुख्यालय समेत कस्बा राजापुर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में करीब एक पखवाड़े से कई घंटे बिजली की कटौती जारी है। बुंदेली सेना के जिलाध्यक्ष अजीत सिंह, हिंदू युवा वाहिनी के जिला संयोजक सुनील मिश्रा व उद्योग व्यापार मंडल के जिला उपाध्यक्ष शिवपूजन गुप्ता का कहना है कि तहसील मुख्यालय राजापुर होने के बावजूद उपभोक्ताओं को राज्य सरकार के आदेशानुसार बिजली 22 घंटे नहीं मिल पा रही है। जिसके चलते कस्बे के निवासी यमुना नदी के प्रदूषित पानी का प्रयोग करने के लिए मजबूर हो रहे हैं। मुख्यालय में भी लोग पेयजल के लिए परेशान हैं। जबकि कोविड-19 महामारी के काल समय में मानव जीवन को स्वच्छ पेयजल के प्रयोग करने के स्वास्थ्य विभाग के द्वारा बराबर निर्देश जारी किए जा रहे हैं। राजापुर स्मारक रोड रैपुरा तिराहा के पास जल संस्थान एवं जल निगम की जगह जगह टूटी पाइप लाइन के माध्यम से प्रदूषित जलापूर्ति हो रही है।