चित्रकूट। जिले की बिजली आपूर्ति लड़खड़ा गई है। शनिवार को शहर के शंकर बाजार क्षेत्र में पांच घंटे से अधिक समय तक आपूर्ति बंद रही। इससे एक लाख से अधिक लोग पानी के लिए परेशान रहे। लोगों को हैंडपंपों से पानी लाना पड़ा।
एक सप्ताह से कभी सुबह तो कभी रात को बिजली की आपूर्ति ठप हो जाती है। शनिवार को सुबह पांच बजे से सुबह दस बजे तक बिजली की आपूर्ति बंद रही। इसके बाद दोपहर 12 बजे बिजली की आपूर्ति बंद हो गई, जो एक घंटे बाद चालू हुई। प्रतिदिन बिजली का यही हाल है। व्यापारी नेता सुशील कक्का, पूर्व सभासद रमेश सोनी ने बताया कि दिसंबर माह की शुरुआत होते ही बिजली की आपूर्ति की अधिक कटौती की जा रही है। इससे व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। शाम को बिजली की आपूर्ति बंद होने से दुकानों में अंधेरा हो जाता है जबकि सहालग का समय चल रहा है।
भरतकूप क्षेत्र के गोंडा निवासी राजकुमार ने बताया कि क्षेत्र में बिजली की कटौती पांच से छह घंटे की जा रही है। बिना नलकूप नहीं चलते है। इससे खेतों की सिंचाई नहीं हो पात पनौटी निवासी पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि बिजली की कटौती पहले की अपेक्षा इस समय अधिक हो रही है। बिजली कर्मचारियों से पूछने पर कह दिया जाता है कि तार मेें फाल्ट होने के कारण बिजली बंद है। मानिकपुर क्षेत्र के रानीपुर निवासी सुशील तिवारी ने बताया कि बिजली की तार कई साल पुरानी लगी हुई है। फाल्ट होते ही टूट जाती है। तार सही करने में कई कई घंटे लग जाते हैं।
इनसेट
हैंडपंपों से पानी भरकर काम चलाना पड़ा
बिजली की आपूर्ति बंद होने से शहर में शनिवार को पाइप लाइन की सप्लाई नहीं हुई। शहर के कुबेरगंज निवासी पंकज कुमार,शंकरगंज निवासी हरीशंकर शुक्ला, बल्दाऊगंज निवासी विवेक कुमार ने बताया कि पानी की आपूर्ति बंद रही। इससे मोहल्ले में लगे हैंडपंपों से पानी भरकर काम चलाना पड़ा।