बुधवार भोर हुई बारिश ने नगर पालिका की नाला सफाई की पोल खोल दी। शहर में जगह-जगह हुए जलभराव से राहगीरों का चलना दुश्वार हो गया। दुकान के सामने जलभराव से व्यापारियों को भी खासी परेशानी हुई। नगर पालिका ईओ की माने तो सभी नालों की सफाई करा ली गई है। कुछ स्थानों पर जलभराव के लिए स्थानीय दुकानदार जिम्मेदार हैं।
पिछले चार दिनों से जिले में रुक-रुककर बारिश हो रही है। लेकिन बुधवार को अच्छा पानी गिरा। जिससे शहर के सदर रोड़, एलआईसी तिराहा, इलाहाबाद रोड, स्टेशन रोड तिराहा और पुरानी बाजार में जल भराव हो गया।
सबसे ज्यादा समस्या ओवरब्रिज के नीचे दिकाई दी। जहां गंदगी व जलभराव से पैदल निकलना भी दूभर हो गया। स्थानीय अजय गुप्ता व रूपेश वर्मा ने बताया कि अभी अगर यह हाल है तो मानसून में तो भारी परेशानी होगी।
व्यापारी नीरज केशरवानी और राजू जायसवाल ने बताया कि सभी नालों की सफाई नहीं हुई है। जिस कारण बारिश का पानी बाहर नहीं निकल पाता। शहर के स्टेशन रोड़ तिराहे पर तो अक्सर जल भराव से बाहर से आने वाले यात्रियों को भी परेशानी होती है।
नगर पालिका ईओ लालचंद्र सरोज ने बताया कि सभी नालों की सफाई करा ली गई है। जिन स्थानों पर जलभराव होता है, वहां आसपास के दुकानदार और वहां रहने वाले लोग जिम्मेदार हैं। ये लोग नाली को बंद कर देते हैं। पटरी ऊंची करते हैं।
जिससे बारिश का पानी नाली तक नहीं जाता और सड़क पर भरता है। कुछ स्थानों पर बनी सड़क ऊंची-नीची होने के कारण समस्या है। जिसे जल्द दूर कराया जाएगा। नालों की सफाई के लिए कोई अलग से बजट नहीं आता। नियमित खर्च से ही सफाई कराई गई है। इस बार 93 कर्मचारियों ने मिलकर काम किया है। जहां गंदगी होगी वहां सफाई कराई जाएगी।