अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। समाजवादी पार्टी लोकसभा चुनाव में बसपा से गठबंधन के बाद सयुंक्त बैठक कर चुनाव प्रचार की रणनीति बनाएगी। जिसमें भाजपा के पांच साल के हवा हवाई झूठे वायदों की पोल खोली जाएगी। जल्द ही हाईकमान बुंदेलखंड समेत अन्य लोकसभा क्षेत्रों के प्रत्याशियों के नाम की घोषणा करेगा।
यह बात राज्यसभा सांसद व सपा के राष्ट्रीय महासचिव विशंभर निषाद ने शनिवार मुख्यालय आगमन पर पत्रकारों से कही। पार्टी कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार ने पांच साल सिर्फ फर्जी आंकडे़ व झूठ बोला है। व्यापारियों के लिए घोषित आयकर व जीएसटी में छूट का सिर्फ झुनझुना है। यह इस वित्तीय वर्ष में लागू ही नहीं होगा क्योंकि मार्च के बाद नई सरकार बननी है। कालाधन लाने की बजाए देश से अरबों खरबों का धन लेकर नीरव मोदी मेहुल कुमार व विजय माल्या भाजपा सरकार की कृपा से ही फरार हो गए हैं। महंगाई पर कोई नियंत्रण नहंी है। युवा बेरोजगार घूम रहा है। बनारस में प्रधानमंत्री ने एक सैकड़ा से अधिक नाविकों को बेरोजगार कर दिया। सपा के राष्ट्रीय महासचिव ने आरोप लगाया कि भाजपा वीर सैनिकों की शहादत पर राजनीति कर इसका चुनाव में प्रयोग कर रही है। पुलवामा में जवान शहीद हो रहे थे और उनके शव दिल्ली लाए जा रहे थे तब भाजपाई देश भर में रैली कर वोट मांग रहे थे। करोड़ों रुपये के कामों का शिलान्यास कर जनता को गुमराह करते रहे। अब देश की सीमा पर तनाव फैलाकर वोट मांगते हैं। अर्द्धकुंभ को कुंभ बताकर करोड़ों रुपये का भ्रष्टाचार हुआ है। राफेल में घोटाले को छिपाने के लिए फाइल चोरी करा ली अब जनता के सामने झूठ बोला गया कि फाइल फोटो कापी कराने गई थी। उससे जरूरी कागजात इधर-उधर किए गए होंगे। अब तो भाजपा में जूता सर्जिकल स्ट्राइक चल रही है। जिसे जनता देख रही है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष अनुज यादव, चेयरमैन नरेंद्र कुमार गुप्ता, लोहियावाहिनी के राष्ट्रीय महासचिव निर्भय सिंह पटेल, पूर्व विधायक वीर सिंह पटेल, पवन पटेल, फराज खां, मनोज यादव व घनश्याम आदि मौजूद रहे।