मानिकपुर (चित्रकूट)। वाल्मीकि नगर में सोमवार की रात को एक युवक ने पत्नी से विवाद के बाद फंदा लगा लिया। गश्त में जा रहे पुलिसकर्मियोें ने तत्काल मौके पर पहुंचकर युवक की जान बचा ली। एसपी ने दोनों जवानों की तत्परता से युवक की जान बचाने पर पुरस्कार की घोषणा की है।
वाल्मीकि नगर निवासी राहुल रात करीब एक बजे पत्नी से विवाद के बाद कमरे में चला गया। अंदर से दरवाजा बंदकर फंदा से लटक गया। उसके दोनों पैर स्टूल में थे और परिजन उसे रुकने के लिए चिल्ला रहे थे। परिजनों के शोर मचाने पर वहां भीड़ इकट्ठा हो गई। इसी बीच रात में गश्त कर कर रहे सिपाही भास्कर शुक्ला व अमित द्विवेदी ने भीड़ को देखा और कारण पूछा तो फंदा लगाने की जानकारी मिली। दोनों सिपाही दरवाजा तोड़ने का प्रयास करने लगे। इसका वीडियो भी वायरल हुआ। पुलिस कर्मी उसे समझाने का भी प्रयास किया। इसी बीच पीआरवी के जवान भी पहुंच गए। सभी ने मिलकर दरवाजा तोड़ा और युवक को फंदा से लटकने के पहले ही नीचे उतार लिया। इससे युवक की जान बच गई। मौजूद लोगों ने पुलिसकर्मियों की सराहना की। एसपी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस के जवानों की वजह से एक युवक की जान बच गई है। जवानों ने सराहनीय कार्य किया है। इसके लिए जवानों को नकद पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा।