चित्रकूट। रैपुरा थाना क्षेत्र के बराछी गांव में सोमवार की रात को बदमाशों द्वारा एक घर में लूट करने की सूचना से हडकंप मच गया। आननफानन पुलिस मौके पर पहुंची तो जांच में पता चला कि दोनों पक्ष में 50 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा है। उधारी मांगने आने पर पीड़ित ने बदमाश होने की अफवाह फैलाई थी। मामला न्यायालय में विचाराधीन है।
मंगलवार को बराछी निवासी पिंटू गर्ग ने बताया कि रात करीब तीन बजे गांव निवासी शिवचंद्र सहित सात-आठ बदमाश घर में घुसे और लूटपाट की। उसने तुरंत पीआरवी 112 को सूचना दी। मौके पर पुलिस पहुंची तो कोई बदमाश नहीं मिले। एसपी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि लूट की सूचना पर पीआरवी और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि पिंटू ने शिवचंद्र से 50 हजार रुपये उधार लिए थे। जो अब वापस नहीं कर रहा है। इसके लिए शिवचंद्र ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट ने पुलिस से रिपोर्ट मांगी थी, जिस पर पुलिस ने सोमवार को ही कोर्ट में रिपोर्ट भेजा था। इस पर पिंटू ने ऐसा मामला बनाया है। लूट जैसी कोई बात नहीं है।