चित्रकूट। जिला मुख्यालय कर्वी के बस स्टैंड स्थित मेडिकल स्टोर पर रीवा मप्र की पुलिस टीम ने दबिश दी। टीम को भारी मात्रा में नशीली दवाइयां मिली हैं। पुलिस ने संचालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने बताया कि सतना, रीवा, चित्रकूट में ये दवाएं बेचता था।
रीवा जिले के चोरहटा थाना के टीआई अविनीश पांडेय ने बताया कि काफी अर्से से नकली कोरेक्स सीरप बेची जा रही है। इस पर उन्होंने चोरहटा थाना क्षेत्र में दो लोगों को लगभग दो लाख रुपये की नकली दवाइयों के साथ पकड़ा था। पूछताछ में पता चला कि नकली सीरप कर्वी स्थित पीताम्बरा मेडिकल एजेंसी से मंगाते थे। रीवा व चित्रकूट एसपी के निर्देशन पर उप्र व मप्र पुलिस ने शुक्रवार की देर रात बस स्टैंड स्थित मेडिकल स्टोर संचालक के दुकान में छापेमारी की गई। जहां से 1040 कफ सीरप बरामद हुए हैं। संचालक पंकज अग्रहरि ने इस दौरान भागने का प्रयास किया लेकिन पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तारकर लिया है।
इस संबंध में सीओ सिटी हर्ष पांडेय ने बताया कि रींवा जिले की पुलिस टीम ने कोतवाली में आमद कराई थी। बताया था कि चोरहटा थाना क्षेत्र में दो को नकली दवाओं के साथ पकड़ा है। यह दवा चित्रकूट के बस स्टैंड स्थित एक मेडीकल से भेजी जाती है। संचालक नामजद है। इसी आधार पर छापेमारी की गई है। वहां की पुलिस टीम संचालक को पकड़कर ले गई है। पूरी बरामदगी की सही जानकारी अभी नहीं है।