फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुलिस से भड़के श्रद्धालुओं ने बस में आग लगाई

Wed, 12 Oct 2016 11:42 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो, चित्रकूट
विज्ञापन
विज्ञापन
देवी प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए दूसरे मार्ग से जाने का दबाव बनाने पर श्रद्धालुओं का पुलिस प्रशासन से विवाद हो गया। बात बढ़ी तो पुलिस ने लाठियां फटकार कर श्रद्धालुओं को भगा दिया। इससे भड़के युवकों ने पटेल तिराहे पर पथराव कर महोबा डिपो की बस के शीशे तोड़ दिए। यात्रियों के उतरने पर उसमें आग भी लगा दी।
विज्ञापन


खबर मिलते ही फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे डीएम मोनिका रानी और एसपी केके चौधरी ने किसी तरह हालात संभाले। फोर्स को देख उत्पाती भाग निकले। पुलिस प्रशासन ने प्रतिमाओं को अपनी निगरानी में विसर्जित करा दिया।

बुधवार शाम लगभग सात बजे इलाहाबाद रोड़, शंकर बाजार और एलआईसी चौराहे के पास के देवी पंडालों के आयोजक प्रतिमाओं कोे विसर्जित करने के लिए हाइवे से नदी की ओर जा रहे थे। मुख्यालय के ट्रैफिक चौराहे पर मौजूद एसडीएम नरेंद्र बहादुर व सीओ राजेश तिवारी ने सभी को बाई पास मार्ग से जाने को कहा। आयोजकों ने इसी मार्ग से जाने की जिद की। अधिकारियों ने समझाया कि आगे ताजियों के मिलन का कार्यक्रम हो रहा है, इसलिए प्रतिमाओं को वाया एलआईसी तिराहे से ले जाएं।
विज्ञापन


इस पर तीखी नोंकझोंक होने लगी। नाराज आयोजक ट्रैक्टर में लदी प्रतिमाओं को सड़क पर ही छोड़कर जाने लगे। इस बीच एक ट्रैक्टर आगे बढ़ा। एसडीएम ने उसे रोकने का प्रयास किया। इससे भड़के युवकों पर पुलिस डंडे फटकारने लगी। इससे वहां भगदड़ मच गई। इस दौरान कुछ युवक गिरकर चुटहिल हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें लाठियों से पीटा है।

वहां से भागे युवक लगभग सौ मीटर दूर पटेल तिराहे पर एकत्र हुए। इस बीच इलाहाबाद से आ रही महोबा डिपो की बस रोक ली और पथराव कर उसके पिछले हिस्से के शीशे तोड़ दिए। यह देख यात्री बस से उतरकर भागने लगे। इस बीच कुछ युवकों ने बस के पिछले हिस्से में आग लगा दी। बस चालक संजय पुत्र बाबूलाल निवासी महोबा ने स्थानीय लोगों की मदद से पानी डालकर आग बुझाई। आग से बस की पिछली सीट जल गई। बाद में आई फायरब्रिगेड और पुलिस ने बस को सुरक्षित बस स्टैंड पर खड़ा कराया। पुलिस को देख उत्पाती भाग निकले।

बवाल की खबर पाकर डीएम मोनिका रानी और एसपी केके चौधरी तुरंत मौके पर आ गए और सभी प्रतिमाओं को ट्रैक्टर चालकों के साथ कलेक्ट्रेट के पास स्थित तालाब में विसर्जित करा दिया। मौके पर बड़ी संख्या में फोर्स तैनात है। पुलिस अधीक्षक केके चौधरी ने बताया कि पुलिस से पूरी घटना की रिपोर्ट मांगी है। सीसीटीवी फुटेज और वीडियो रिकार्डिंग देखने के बाद कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्राथमिकता शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने की है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें