चित्रकूट। साइबर ठगी के शिकार हुए 26 लोगों को पुलिस ने बड़ी राहत दी है, उनके 15 लाख रुपये पीड़ितों के खाते में वापस कराए हैं। पुलिस ने एपीके फाइल, शेयर निवेश और फर्जी खरीदारी वेबसाइटों के माध्यम से हुई धोखाधड़ी के मामलों में यह कार्रवाई की।
साइबर सेल प्रभारी विनोद कुमार राय ने बताया कि ठगों ने इन 26 पीड़ितों से करीब 15 लाख रुपये ठगे थे। पीड़ितों की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ठगों के बैंक खाते फ्रीज किए और कुल 15 लाख 10 हजार 470 रुपये पीड़ितों को लौटाए। रुपये वापस मिलने पर पीड़ितों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया।
पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने लोगों को साइबर धोखाधड़ी से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी लुभावने ऑफर के झांसे में आकर बैंक खाता, एटीएम नंबर या ओटीपी की जानकारी साझा न करें। साथ ही, अनजान लिंक या वेबसाइट खोलने और ऑनलाइन खरीदारी में सावधानी बरतने की अपील की।