चित्रकूट/बरगढ़। गोकशी के मामले में पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार किया और आला कत्ल बरामद कर जेल भेजा है। तीन आरोपी मौके से फरार हो गए। जिनकी तलाश की जा रही है। पकड़े गए सभी आरोपी प्रयागराज जिले के निवासी हैं। इनके कब्जे से स्कार्पियो, तमंचा व चाकू आदि बरामद हुआ है।
पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि थाना पुलिस व एसओजी ने मंगलवार सुबह मुखबिर की सूचना पर चन्नाड हर्दी कला गांव की तरफ जाने वाले कच्चे मार्ग से तीन आरोपियों को स्कार्पियो व आला कत्ल समेत गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीन फरार हो गए। पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों में प्रयागराज जिले के पूरामुक्ती अहमदपुर असरौली निवासी मो. फैजान, खेढ़ुहा निवासी मो. नैस व मरियाडीह निवासी सद्दाम हैं। इनके कब्जे से दूसरे नंबर प्लेट की स्कार्पियो, तमंचा, कारतूस, छूरा, स्टील रॉड, बांका बरामद हुए हैं।
गौरतलब है कि चार फरवरी को बरगढ़ थाना क्षेत्र के महरजा जंगल में एक बैल व एक सांड को काटकर मांस ले जाने की सूचना सुबेदार कोल ने पुलिस को दी थी। जिस पर अज्ञात तस्करों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया था। एसपी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ गैंगेस्टर की कार्रवाई भी होगी। शेष आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। इस मौके पर अपर एसपी चक्रपाणि त्रिपाठी, सीओ हर्ष पांडेय व थाना प्रभारी राकेश मौर्य मौजूद रहे।