फोटो -21- सरैंया में खाद लेने के लिए सुबह से किसानों की भीड़ लगी रही
- फोटो : CHITRAKUTT
राजापुर/सरैंया/भौंरी (चित्रकूट)। यूरिया की किल्लत को लेकर जिले में आपाधापी का माहौल शनिवार को भी कायम रहा। कई जगहों पर जहां पहले यूरिया की बोरी हासिल करने को धक्कामुक्की और नोकझोंक करते रहे, वहीं लाइन में लगने को लेकर वाद-विवाद करते नजर आए। इस दौरान कई जगहों पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा, जिससे स्थिति बिगड़ने से बची। यह स्थिति तब है, जब जिले के कई स्थानों पर अतिरिक्त यूरिया समितियों में उपलब्ध करा दी गई है।
भौरी के बसिला में स्थित समिति में लाइन लगाने को लेकर शनिवार को किसानों के बीच विवाद हो गया। इस दौरान किसान मिथलेश कुमार ने पुलिस को घटना की जानकारी दी, जिस पर मौके पर रैपुरा थानाध्यक्ष धर्मराज यादव पुलिस फोर्स संग पहुंचे और मामले को शांत कराया।
किसानों का आरोप था कि वह लोग सुबह से लाइन लगाए रहते हैं, जबकि कुछ दबंग किसान जबरन लाइन में लग जाते हैं। इसी तरह सरैंया कस्बे में भी खाद लेने को लाइन लगी रही। इस दौरान लाइन के बीच में आने को लेकर विवाद किसानों के बीच वाद-विवाद होता रहा।
इस दौरान किसान हंगामा और नारेबाजी भी करते रहे। वहीं राजापुर के भदेदू में सहकारी समिति में भी किसानों की अच्छी खासी भीड़ लगी रही। गौरतलब हो कि खाद की किल्लत को लेकर किसान परिवार समेत के सदस्य लाइन लगाने को मजबूर हैं।
कई बार लाइन लगाने को लेकर किसान झगड़ पड़ते हैं, जिसमें मारपीट तक की नौबत आ जाती है। भाकियू जिलाध्यक्ष राम सिंह व मीडिया प्रभारी देवेंद्र सिंह का कहना कि जिले में हर वर्ष खाद की किल्लत रहती है।
आरोप लगाया कि अफसरों को रबी व खरीफ को लेकर सही अंदाजा ही नहीं था, जिससे इस साल भी समस्या खड़ी हो गई। जिला कृषि अधिकारी बसंत दुबे ने बताया कि जिले में 3600 मिट्रिक खाद का वितरण हो चुका है।
सितंबर माह में एक रैक और मंगाई जाएगी। पोर्टल के माध्यम से एक ही स्थान पर सभी समितियों पर नजर रखी जा रही है। उधर, डीएम शेषमणि पांडेय के आदेश पर 316.800 मिट्रिक टन अतिरिक्त यूरिया 16 सहकारी समितियों को भेजी गई है।