चित्रकूट। भरतकूप थाना क्षेत्र के रौली कल्याणपुर गांव में देर रात बज रहे डीजे बंद कराने गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। इसमें थाना प्रभारी और दो महिला कांस्टेबल समेत सात पुलिसकर्मी घायल हो गए। इस मामले में पुलिस ने 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
रौली गांव निवासी फूलचंद्र वर्मा ने बताया कि शुक्रवार की रात भाई के यहां बेटे के जन्मदिन की पार्टी चल रही थी। इसमें परिवार व गांव के लोग डांस कर रहे थे। यूपी-112 के सिपाही राहुल कुमार व रामकरन ने बताया कि गांव के कुछ लोगों ने फोन कर बताया कि देर रात तक डीजे बज रहा है। इससे आसपास के लोग सो नहीं पा रहे हैं।
इस पर वह डीजे बंद कराने पहुंचे तो डांस कर रहे लोगों ने गाली गलौज कर धक्का मुक्की की। सिपाही की पिस्टल छीनने की कोशिश की। किसी तरह दोनों सिपाही जान बचाकर भागे और थाने में सूचना दी। कुछ ही देर में थाना प्रभारी प्रवीण सिंह टीम लेकर पहुंचे। डीजे बंद कराकर सारा समान अंदर ले जाने को कहा। थाना प्रभारी ने बताया कि इस पर ग्रामीणों ने पुलिस पर हमला कर दिया। लाठी डंडे व कुल्हाड़ी के अलावा पथराव कर दिया।
जानकारी होते ही एसपी अरुण कुमार सिंह, अपर एसपी चक्रपाणि त्रिपाठी व सीओ राजकमल फोर्स लेकर पहुंचे। किसी तरह स्थिति संभाली7 मारपीट में थाना प्रभारी के अलावा सिपाही दीपिका, शिखा, नरेंद्र सिंह, सतीश, राहुल, रामकरन घायल हुए हैं। इनका शिवरामपुर सीएचसी में इलाज कराया गया।
एसपी ने बताया कि जमालपुर बांदा निवासी मनोज, सर्वेश, नीरज, रोहित, गिरवां निवासी सूरज, रौली निवासी इंदूप्रसाद, मन्नू, सुशील, कल्लू उर्फ उमाशंकर, महेश, लल्लू, नीलम, सुलता, साधना, संतोषी, कंचन गिरवां निवासी राजरानी, लुहिया निवासी पानकुमारी सहित 18 नामजद और 20 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। छह महिलाओं समेत 13 को गिरफ्तार भी किया गया है। कार्यक्रम आयोजक फूलचंद्र ने बताया कि घर में डीजे नहीं बज रहा था। साउंड के छोटे बॉक्स पर गाना बज रहा था। यूपी-112 के सिपाहियों ने गाना बंद करने के लिए कहा। मना किया तो रुपये मांगने लगे और महिलाओं से अभद्रता की। इससे विरोध बढ़ गया।