संवाद न्यूज एजेंसी
चित्रकूट। चित्रकूट समेत आसपास के जिलों में बाल यौन उत्पीड़न का बड़ा मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने सतर्कता बढ़ाई है। पुलिस अधीक्षक ने कड़ी निगरानी रखने व त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। लावारिस, गुमशुदा व अपराधी किस्म के मिलने वाले किशोर किशोरियों को उचित स्थान तक पहुंचाने के लिए पुलिस टीम बाल कल्याण विभाग की टीम के साथ मिलकर काम करे। इसके लिए बेहतर संतुलन बनाने की जरूरत है। बृहस्पतिवार को राघव प्रेक्षागार पुलिस कार्यालय में एसपी अंकित मित्तल की अध्यक्षता में विशेष किशोर पुलिस इकाई की बैठक हुई।
उन्होंने समस्त थानों के पुलिस बाल कल्याण अधिकारियों को निर्देश दिए कि बच्चों से संबंधित मामलों पर त्वरित कार्यवाही करें। गोष्ठी में राजापुर सीओ रामप्रकाश, जिला प्रोबेशन अधिकारी रामबाबू विश्वकर्मा, गुलाब त्रिपाठी प्रभारी गुमशुदा सेल, संजय सिंह बाल संरक्षण अधिकारी, पारीक्षित, प्रिया माथुर वन स्टाप सेंटर, मोनू सिंह, चाइल्ड लाइन कोर्डिनेटर संजय सिंह आदि मौजूद रहे।