अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। जिला विकास समन्वय व निगरानी समिति की बैठक शनिवार को कलक्ट्रेट भवन में हुई। जिसमें सांसद विधायकों ने वन विभाग द्वारा लगाए गए पौधों की फिर से जांच कराने, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से बनी सड़कों की जांच कर ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई करने और अधूरे विकास कार्यों को समय से पूरा करने के लिए निर्देश दिए हैं।
सांसद भैरो प्रसाद मिश्र ने कहा कि वन विभाग ने पौधरोपण की जांच के बाद रिपोर्ट में 80 से 84 प्रतिशत पौधे जीवित होने का आंकड़ा बताया है वह सही नहीं है। इसका दोबारा सत्यापन कराया जाए। जिलाधिकारी विशाख जी अय्यर ने कहा कि शासन से निर्देश मिला है कि अगली बार जंगल में पौधे न लगाए जाएं। संासद ने कहा कि चिल्लीमल पंप कैनाल निर्माण समय से पूरा कराकर समय से पूरा कराया जाए। विद्युत ग्राम ज्योति सौभाग्य योजना में जहां शिकायत मिल रही वहां फिर से कार्य कराया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जो योजनाएं अधूरी पड़ी हैं उन्हें समय से पूरा कराया जाए।
विधायक आरके सिंह पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से राजापुर हटवा, हनुमानगंज, लालता रोड में घटिया कार्य किया गया है। इनकी जांच कराई जाए। वन क्षेत्रों की सड़कों में एनओसी जारी कर दी है। विधायक चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय ने कहा कि पहाड़ी विकास खंड के गांवों की अधिकतर सड़कें खराब हैं। उनका निर्माण कराया जाए। खरसेड़ा, कलवारा पेयजल योजना नहीं चल रही। जिसको चालू कराए। जिस पर जिलाधिकारी ने कहा कि खरसेड़ा के बोर में खारा पानी आ रहा है। इसकी अलग से व्यवस्था कराई जाएगी। नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता ने कहा कि शहर के पटरियों पर कुछ लोग अवैध कब्जा किए हुए हैं। जिनको कालोनी भी मिल गई है। नगर पालिका के अधिशासी अभियंता ने बताया कि व्यक्तिगत शौचालय के लिए 4799 की धनराशि शासन से मिल चुकी है।इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी डा. महेंद्र कुमार, सीएमओ डा. राजेंद्र सिंह, जिला विकास अधिकारी आरके त्रिपाठी, परियोजना निदेशक अनय कुमार मिश्रा, ब्लाक प्रमुख गुलाब सिंह, शिवाकांतव बालमुकुंद पांडेय, समित के सदस्य मौजूद रहे।