चित्रकूट। सरयू नदी के सीमांकन के बाद अब नदी किनारे से अतिक्रमण हटाने का कार्य शुरू हो गया है। कार्रवाई से कब्जेदारों में हड़कंप मच गया है। कई लोग खुद ही अपने अवैध निर्माण हटा रहे हैं।
उप जिलाधिकारी कर्वी अजय कुमार यादव की निगरानी में राजस्व और नगर पालिका परिषद की संयुक्त टीम द्वारा रोवर तकनीक से सरयू नदी का सीमांकन किया जा रहा है। टीम नदी की सरकारी अभिलेखों में दर्ज सीमा के अनुसार निशान लगा रही है।
एसडीएम ने बताया कि सीमांकन के साथ ही नदी की सीमा में आने वाले चिह्नित कब्जेदारों को हटाना शुरू कर दिया है। पहले चरण में नगर पालिका क्षेत्र में आने वाले कब्जेदारों को नोटिस दिया गया था। अब पिलर लगने के बाद अतिक्रमण हटाया जा रहा है।
जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने निर्देश दिए हैं कि सरयू नदी के मूल स्वरूप को बनाए रखने के लिए सीमांकन और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नियमानुसार और प्रभावी ढंग से की जाए। प्रशासन का कहना है कि सीमांकन और पिलर लगने से नदी की सीमा स्पष्ट हो जाएगी और भविष्य में अतिक्रमण पर रोक लगेगी। लोगों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत किया है।