बरगढ़ (चित्रकूट)। झांसी मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग के बरगढ़ मोड के पास शादी समारोह से वापस लौटते समय बैंड पार्टी के सदस्यों से भरी पिकअप पेड़ से टकरा गया। इस हादसे में एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए।
मऊ के पश्चिम पताई निवासी बच्चीलाल (55), शिवऔतार (45), ड्राइवर संदीप मिश्रा (25, पूरब पताई निवासी अरविंद (14) पुत्र मुन्नालाल व नीबीं निवासी प्यारेलाल (45) बैंड पार्टी लेकर पिकअप से प्रयागराज जिले के नारी-बारी स्थित मिलन गेस्ट हाउस के शादी समारोह में बाजा बजाने गए थे। वहां से लौटते समय हाईवे पर बरगढ़ केआईटीआई के पास चालक को झपकी आ गई। इससे अनियंत्रित पिकअप सड़क किनारे स्थित पेड़ से जा टकराई। मौके पर ही प्यारेलाल की मौत हो गई।
जानकारी मिलते ही बरगढ़ थाना प्रभारी योगेश तिवारी मौके पर पहुंचे और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मऊ में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने कुछ देर इलाज कर सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां उनका इलाज चल रहा है।