शिक्षकों की लंबित मांगों पर बुधवार को प्राथमिक शिक्षक संघ ने बीएसए कार्यालय के सामने धरना दिया। सामूहिक अवकाश लेकर धरने पर बैठे शिक्षक नेताओं ने कहा कि पुरानी पेंशन योजना व अवशेष वेतनमान का भुगतान जल्द नहीं कराया गया तो 16 मार्च को लखनऊ में प्रदर्शन करेंगे। मुख्यमंत्री को संबोधित पंद्रह सूत्री मांगों का ज्ञापन एडीएम को दिया गया।
बीएसए कार्यालय के सामने उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अखिलेश पांडेय के नेतृत्व में लगभग पचास शिक्षकों ने सामूहिक अवकाश लेकर धरना दिया। शिक्षकों ने कहा कि आश्वासन के बावजूद पुरानी पेंशन योजना लागू नहीं की जा रही है। मिड डे मील में दूध को भी शामिल किया गया।
जिससे कंवर्जन कास्ट बढ़ गई है। अधिकारियों ने इसमें मामूली बढ़ोतरी की है जो बेहद कम है। सभी ब्लॉक के तमाम शिक्षकों का अवशेष वेतन का भुगतान नहीं किया जा रहा। जिससे शिक्षकों की आर्थिक स्थिति पर प्रभावित हो रही है। खंड शिक्षाधिकारियों के कुल पदों में 50 प्रतिशत पद पर शिक्षकों की पदोन्नित की जाए।
असाध्य रोग से पीड़ित शिक्षकों के लिए शिक्षक कल्याण कोष की स्थापना हो। शिक्षकों पाल्यों को पहले की तरह बीएड व बीटीसी में प्रवेश के लिए 10 अंक का बोनस दिया जाए। धरने के बाद मुख्यमंत्री को संबोधित मांगों का ज्ञापन जिला अपर जिलाधिकारी को दिया। इस मौके पर लवलेश सिंह, लवकुश द्विवेदी, रामकरन सिंह, कृष्णदत्त मिश्र आदि मौजूद थे।