शिवरामपुर(चित्रकूट)। कस्बे में रविवार शाम राधा शुक्ला की मौत के मामले में मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाया है। मृतका के भाई व चाचा का कहना है कि राधा की मौत करंट से नहीं, पीटने और गला दबाने से हुई है। शरीर और गले में चोट के निशान मिले हैं। वहीं पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद कार्रवाई के लिए कहा है।
शिवरामपुर निवासी राहुल शुक्ला का विवाह सन 2011 में खोही निवासी राधा शुक्ला (29) से हुआ था। दो पुत्र हैं। राहुल ने बताया कि रक्षाबंधन पर राखी बांधने के लिए पत्नी ने मायके जाने के लिए कहा था। वह रविवार को ले जाने के लिए तैयार हुआ। दादा के घर से बाइक लेकर आया तो पत्नी दरवाजे के पास पड़ी थीं। करंट लगा था। तार कटा होने से दरवाजे में करंट उतर आया था। वह अस्पताल लेकर पहुंचे, तब तक मौत हो चुकी थी।
रविवार रात मृतका के भाई धीरेंद्र तिवारी और चाचा प्रदीप तिवारी ने आरोप लगाया कि राधा को पति और ससुरालीजन परेशान करते थे। उसे रक्षाबंधन पर मायके नहीं भेजना चाहते थे। इससे पीटने के बाद गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस को तहरीर दी गई है। परिजनों के मुताबिक राधा के गले और शरीर के कई हिस्सों में काले निशान थे। चौकी प्रभारी अजीत सिंह ने सोमवार को पोस्टमार्टम कराया है। चौकी प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद कार्रवाई की जाएगी।