मानिकपुर (चित्रकूट)। मुंबई से प्रयागराज जा रही कामायनी एक्सप्रेस में एक यात्री को चलती ट्रेन से धक्का देकर गिरा दिया। जीआरपी ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया। वहां से प्रयागराज रेफर किया गया है।
प्रयागराज जिले के सरांय मेजा चकिया निवासी धीरज गुप्ता परिवार के साथ बोगी नंबर एस-1 में सफर कर रहा था। बताया कि बुधवार की शाम मानिकपुर स्टेशन से पहले वह कुछ देर के लिए बोगी के दरवाजे के सामने आकर बैठ गया। तभी मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति ने पीछे से उसे पैर मारकर ट्रेन से बाहर गिरा दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उधर, जानकारी होते ही परिजनों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रोकी।
धीरज को ट्रेन में चढ़ाया गया। मानिकपुर स्टेशन पर एंबुलेंस की सहायता से सीएचसी में भर्ती कराया गया। सिर में गंभीर चोट खाने के कारण यात्री को प्रयागराज के लिए रेफर किया गया है। जीआरपी प्रभारी विनेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।