चित्रकूट। डीएम शिवशरणप्पा जीएन व एसपी अरुण कुमार सिंह की मौजूदगी में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन तहसील सभागार मानिकपुर में हुआ। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन समस्याओं का निस्तारण किया जा रहा है। उससे समस्याग्रस्त व्यक्ति को भी अवगत कराया जाएए जिससे वह निस्तारण से संतुष्ट हो सके। इस मौके पर 125 प्रार्थना पत्र आए। इसमें आठ मामलों का मौके पर निस्तारण हुआ। डीएम व एसपी ने चकरोड अतिक्रमण तथा भूमि संबंधी मामलों को प्राथमिकता पर निस्तारित कराने के लिए कहा है।
मानिकपुर में भाजपा के ब्लाक प्रमुख अरविंद मिश्रा ने बिजली व मानिकपुर कस्बे में बाइपास बनवाने की मांग को लेकर डीएम को पत्र सौंपा। इसमें कहा कि मानिकपुर क्षेत्र में बिजली की कटौती अंधाधुंध की जा रही है। रात्रि कालीन कटौती को बंद कराया जाए।
मानिकपुर कस्बे की शिवनगर निवासी संजू कोल ने दिए पत्र मेंं आरोप लगाया कि उसके घर के सामने सरकारी हैंडपंप लगा है। जो कई दिनों से खराब पड़ा था।उसमें उसने समरसेबुल डलवा लिया था। इसी घर का पानी भरती थी। मोहल्ले के एक परिवार के सदस्य जल संस्थान मेंं शिकायत कर सबमर्सीबल निकलवा दिया है। इस मामले में कार्रवाई की जाए।
कर्वी तहसील में बल्दाऊ गंज निवासी भुवनेश्वर गुप्ता ने दिए पत्र में कहा कि नई बाजर बल्दऊगंज के ठाकुर रामजनकी मंदिर की जमीन इटरौर भीषमपुर में है। इसमें स्थानीय एक परिवार के सदस्यों ने फर्जी तरीके से अपने नाम कर लिया है। इस मामले में जांच कर कार्रवाई की जाए।
मानिकपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गढ़चपा के मजरा जरका पुरवा के नत्थू प्रसाद, रामकैलाश, अमित, छोटू, ननका, रामबदन आदि ने संपूर्ण समाधान दिवस में बताया कि 2019 में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से बस्ती में बिजली के खंभे लगा दिए गए, लेकिन आज तक न तो ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया न ही आपूर्ति चालू की गई। बावजूद इसके ग्रामीणों को विद्युत बिल भेज दिया गया। कई बार संबंधित अधिकारियों को समस्या से अवगत कराने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं की जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि बिजली के अभाव में अंधेरे में रहने को मजबूर है। पत्र में समस्या निराकरण कराए जाने की मांग की है।
चार समस्याओं का निस्तारण
राजापुर। तहसील सभागार में एसडीएम प्रमोद झा व सीओ निष्ठा उपाध्याय ने जन समस्या सुनीं। कुल 49 शिकायतें आयी। जिसमेें 4 का निस्तारण किया गया। इस मौके पर उप जिलाधिकारी न्यायिक फूलचंद यादव, आदि मौजूद रहे। संवाद