फोटो 12सीकेटीपी 24 कार मालिक को जारी किया गया बिना हेलमेट का चालान। स्रोत: पीड़ित
चित्रकूट। जिले में परिवहन विभाग की एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। विभाग ने एक कार का बिना हेलमेट के मद में एक हजार रुपये का चालान कर दिया, जबकि चालान में बाइक की तस्वीर लगाई गई थी। कार मालिक को जब यह मैसेज मिला तो वह हैरान रह गए।
शहर के पुरानी बाजार निवासी अधिवक्ता प्रदीप कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब सवा 12 बजे उन्हें कार के चालान का मैसेज मिला। घर पर कार खड़ी होने के बावजूद चालान आने से उन्हें आश्चर्य हुआ। उन्होंने चालान का स्टेटस देखा तो उसमें एक बाइक पर बैठे दो लोगों की फोटो थी। चालान में बिना हेलमेट वाहन चलाने पर कार्रवाई का जिक्र था।
उन्होंने इस गड़बड़ी की शिकायत परिवहन विभाग के अधिकारियों से की है। एआरटीओ राजीव कुमार ने बताया कि यह गलती बाइक में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट न होने के कारण हुई। विभाग इस तकनीकी त्रुटि को जल्द ही ठीक करेगा। कार मालिक को इस गलत चालान के लिए कोई भुगतान नहीं करना होगा।