तीरमऊ गांव में हुई दलित युवक की हत्या के मामले का सोमवार को राजापुर पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर ली है। हत्या प्रेम प्रसंग के चलते की गई थी। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
गौरतलब है कि 28 अगस्त की रात नानभइया (22) पुत्र ननका का रक्तरंजित शव पूर्व माध्यमिक विद्यालय में मिला था। इस मामले में उसके पिता ने दो लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया था। सोमवार को एसओ आरके मिश्रा ने घटना का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि आरोपी रामहित को लूप लाइन चौराहे से सोमवार शाम गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में पता चला कि रामहित की शादी तीरमऊ के चुनकावन यादव की पुत्री से 2013 में हुई थी। 28 अगस्त को वह ससुराल आया था। उसी दिन पड़ोसी के यहां बरहों का उत्सव था।
इसमें नानभइया और रामहित का ससुर चुनकावन मौजूद था। चुनकावन की पुत्री का नानभइया से प्रेम प्रसंग चल रहा था। उसने मोबाइल से सुनियोजित षड्यंत्र के तहत नानभइया को पूर्व माध्यमिक विद्यालय में मिलने के लिए बुलाया। वहां पहले से ही रामहित छिपा था। जैसे ही नानभइया वहां पहुंचा, उसके ऊपर रामहित ने ताबड़तोड़ वार कर दिए। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद दोनों वहां से भाग गए। आरोपी की निशानदेही पर चुनकावन के घर से कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है। आरोपी की गिरफ्तारी करने वाली टीम में एसआई शेषमणि त्रिपाठी, एसआई सौरभ तिवारी और सिपाही नवाब खान शामिल रहे। एसओ ने बताया कि शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।