राजापुर- चित्रकूट। मंडलायुक्त अजीत कुमार व डीआईजी राजेश एस की अध्यक्षता में तहसील सभागार में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। समाधान दिवस में 13 शिकायतें आईं, इसमें से केवल एक का ही निस्तारण हो सका। तीर मऊ के पवन कुमार की शिकायत पर लेखपाल चंद्रिका प्रसाद पांडेय को मंडलायुक्त ने फटकार लगाते हुए तुरंत शिकायत के निस्तारण का निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने कहा कि शिकायत का निर्धारित समय सीमा के अंदर ही स्थलीय निरीक्षण कर निस्तारण करें। निस्तारण के बाद दोबारा शिकायत मिली तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। डीएम शिवशरणप्पा जीएन व एसपी अरुण कुमार सिंह से कहा कि जनसुनवाई में जमीन, नाला, चकरोड, तालाब, बिजली, जल जीवन मिशन से संबंधित जो समस्याएं आई हैं, उसके निस्तारण के लिए एक अधिकारी को टीम के साथ भेजें और शिकायत का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराएं। इस मौके पर एएसपी सत्यपाल सिंह, एसडीएम आरआर रमन, सीओ जयकरण सिंह, थाना प्रभारी पंकज तिवारी मौजूद रहे।