डीएम मोनिका रानी ने शनिवार को ग्राम पंचायत ब्यूर और भौंरी के प्राथमिक विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र, पंचायत भवन का निरीक्षण किया। जिसमें विद्यालयों में बच्चों की उपस्थित कम पाए जाने पर डीएम ने प्रधानाध्यापकों को फटकार लगाई। ब्यूर के प्राथमिक विद्यालय प्रथम में और भौंरी के प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक के गैरहाजिर होने पर वेतन रोकने के निर्देश दिए।
ब्यूर में निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय प्रथम में 47 व द्वितीय में 44 पंजीकृत बच्चों में दो ही आए थे। पूर्व माध्यमिक विद्यालय में 64 छात्र-छात्राओं में से नौ बच्चे गैरहाजिर मिले। इस पर डीएम ने आगे से स्थिति में सुधार करने के निर्देश दिए। गांव में राशन सामग्री की दुकान को चेक किया। जिसमें अंत्योदय कार्ड धारकों के नाम व रेट लिस्ट नहीं मिली। इस पर नाराजगी जताई।
वहीं ग्राम भौंरी में निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय प्रथम में 72 पंजीकृत बच्चों के सापेक्ष नौ बच्चे उपस्थित मिले। पूर्व माध्यमिक विद्यालय में 36 बच्चों के सापेक्ष दो ही उपस्थित मिले। उन्होंने अध्यापकों को नियमित छात्र-छात्राओं को दिए गए होमवर्क की जांच करने की बात कही। गांव में उपस्वास्थ्य केंद्र के प्रसव केंद्र को देखा। जिसमें गद्दे, चादर आदि की व्यवस्था ठीक नहीं पाई गई।