मुख्यालय के हाईवे पर दो युवकों ने एक बाइक सवार छात्र को जमकर पीटा। उसके जेब से दो हजार रुपये लूट लिए। घायल छात्र ने कोतवाली में दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव गदाखान मानिकपुर निवासी पंकज कुमार पुत्र कालिका प्रसाद पालीटेक्निक की पढ़ाई करता है। वह मुख्यालय के मोहल्ला सिविल लाइंस में किराए के कमरे में रहता है। शनिवार की देर शाम वह बाइक से गांव से मुख्यालय आ रहा था। जैसे ही वह मुख्यालय के गांधीगंज के पास पहुंचा तो दो युवकों ने लाठी के सहारे उसे रोका। छात्र ने बताया कि सोनू व शिवम निवासी इलाहाबाद रोड कर्वी ने उसे रोकने के बाद तमंचा पेट में लगाकर जेब में रखे रुपये निकाल लिए। विरोध करने पर उसे लाठियों से पीटकर घायल कर दिया। रात में ही वह कोतवाली में रिपोर्ट कराने गया था।
रविवार को कोतवाल सत्यपाल सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ तहरीर के अनुसार रिपोर्ट लिखकर घायल का डाक्टरी परीक्षण कराया गया है। जांच चल रही है। जल्द आरोपियों को पकड़ा जाएगा।