चित्रकूट। मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। इसके चलते मरीजों की संख्या अस्पताल में बढ़ रही है। सबसे ज्यादा खांसी, जुकाम व बुखार के मरीज को पहुंच रहे हैं। शनिवार की भोर बुखार से वृद्धा की मौत हो गई, जबकि छह मरीजों को भर्ती कराया गया है।
मौसम का मिजाज बदलने से वायरल का प्रकोप बढ़ रहा है। शनिवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 765 मरीज पहुंचे। इनमें ज्यादातर बुखार, जुकाम व खांसी के मरीज थे। पर्चा व औषधि वितरण काउंटर से लेकर चिकित्सकों के कक्ष तक मरीजों की लंबी लाइन लगी रही। शनिवार की भोर कर्वी कोतवाली अंतर्गत शंकर बाजार निवासी सुशीला शर्मा (70) पत्नी स्व. शिव गोविंद शर्मा को बुखार के चलते जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के पुत्र दिलीप शर्मा ने बताया कि तीन चार दिनों ने उन्हें बुखार आ रहा था। जिनका प्राइवेट अस्पताल में इलाज चल रहा था।
इसके अलावा शनिवार को जिला अस्पताल में बुखार व खांसी के ग्रसित बरकोट भौंरी निवासी ओमप्रकाश (29) , कामतन चित्रकूट निवासी भैरम (20), मुकुंदपुर भरतकूप निवासी कलमतिया (60) , कालूपुर पाही निवासी मुन्नी देवी (35), रामपुर माफी भरतकूप निवासी रामबाबू की दो वर्षीय पुत्री शिवानी, रामनगर निवासी शिवसेवक का पांच माह के पुत्र कार्तिकेय को भर्ती कराया गया।