चित्रकूट। मऊ थाना क्षेत्र के लालता रोड से सामान खरीदकर घर जा रही वृद्धा को तेज गति से आई बाइक ने टक्कर मार दी। इससे उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद बाइक छोड़कर चालक भाग निकला। मौके पर पहुंची पुलिस ने बाइक को अपने कब्जे में लिया है।
थाना क्षेत्र के हटवा निवासी बाबूलाल रैदास ने बताया कि सोमवार की देर शाम को उनकी पत्नी राजकली (60) लालता रोड स्थित दुकान से घरेलू सामग्री खरीदने गई थी। सामग्री लेकर जैसे ही वह घर की ओर चली तभी सामने से तेज गति से आई बाइक ने उसे टक्कर मार दी।
इसमें वृद्धा मौके पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास के लोग पहुंचे तो बाइक छोड़कर आरोपी भाग निकला। स्थानीय लोगोंं की सूचना पर वृद्धा के परिजन व पुलिस टीम पहुंची। उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया। रात में ही डॉक्टरों ने उसे प्रयागराज रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी होते ही मृतका के परिजनों में कोहराम मच गया। थाना प्रभारी राजेश द्विवेदी ने बताया कि मौके पर बाइक बरामद हुई है। चालक की तलाश की जा रही है। मंगलवार को मृतका का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंपा गया है। मृतका के एक पुत्र तीन पुत्रियां हैं।