पाठा की जनता ने पुलिसिया अत्याचार सहे हैं और लाठियां खाईं हैं लेकिन सपा सरकार में ऐसी घटनाओं पर रोक लगी है। किसी निर्दोष को न तो फर्जी मुकदमों में फंसाया जा रहा है और न जेल भेजा जा रहा है।
ये बातें मिर्जापुर के पूर्व सांसद बाल कुमार पटेल ने बहिलपुरवा और मड़ैयन के विभिन्न गांवों में चौपाल के दौरान कहीं। उन्होंने कहा कि जिस पुलिस अधिकारी ने गरीबों का उत्पीड़न किया उसका बोरिया बिस्तर बंधना तय है।
पूर्व सांसद ने बरुई, घाटा कोलान और कैलहा आदि जगह चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि पाठा की जनता का कर्ज वह और उनका परिवार कभी नहीं भूलेगा।
सदर विधायक वीर सिंह ने सपा सरकार की योजनाओं का बखान किया। जिलाध्यक्ष भइयालाल यादव ने कहा कि चुनाव के समय पार्टी ने जो भी वादे किए थे, उनको निभाया जा रहा है।
मानिकपुर ब्लाक प्रमुख श्याम बिहारी यादव ने कहा कि गरीबी और अन्य समस्याओं का समाधान जनता सही प्रतिनिधि चुनकर कर सकती है।
सत्यनारायण पटेल, संतोष पटेल, रमाशंकर पटेल, तुलसी यादव, भोलानाथ खंगार आदि ने भी संबोधित किया। बाद में पूर्व सांसद ने पाठा में कंबल बांटे। शुक्रवार को बहिलपुरवा और मड़ैयन के पांच सौ गरीबों को कंबल दिए गए।