कलेक्ट्रेट मार्ग पर जाम लगाए ग्रामीणों को समझाती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
कोतवाली क्षेत्र के मुलायमनगर निवासी शेरा यादव ने बताया कि अहिरनपुरवा में उनके दादा दुर्गाप्रसाद यादव (72) की जमीन पर स्थानीय राममूरत आदि लोग भवन निर्माण करा रहे हैं। उसने बताया कि दादा निर्माण कार्य का विरोध करने गए तो वहां मौजूद लोगों ने उन्हें पकड़ लिया और लाठी-डंडे से पीटकर लहूलुहान कर दिया। सूचना मिलनें पर पहुंचे परिजन उन्हें जिला अस्पताल वे गए। जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों से तीन तीन लोगों को पूछताछ के लिए पकड़ लिया। इसकी जानकारी होते ही जिला अस्पताल में मौजूद मृतक पक्ष के लोगों में आक्रोश बढ़ गया। मृतक के पुत्र मुन्ना ने पुलिस पर दबाव में काम करने का आरोप लगाते हुए पसियाना तिराहे के पास जाम लगा दिया। आक्रेाशित ग्रामीणों ने कहा कि जब तक आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई नहीं की जाएगी और उनके पक्ष के लोगों को छोड़ा नहीं जाएगा तब तक जाम लगा रहेगा।
जाम लगने की जानकारी होते ही सीओ राजेश तिवारी और कोतवाल रनवीर सिंह मौके पर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों की मांग मानकर जाम खत्म कराया। कोतवाल ने बताया कि मृतक के पुत्र की तहरीर पर आरोपी एक शिक्षक समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। उधर, दूसरे पक्ष का कहना है कि किसी ने उनकी पिटाई नहीं की न ही उनकी हत्या की है। मृतक ने स्वयं जहरीला पदार्थ खाया है जिससे उसकी मौत हुई है। कोतवाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।