चित्रकूट। जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव होने के बाद अब जिले में ब्लाक प्रमुख पद के लिए घमासान शुरू हो गया है। भाजपा ने जिस तरह जिला पंचायत में निर्विरोध अध्यक्ष पद पाया है उसी तर्ज पर अब ब्लाक प्रमुख पद पाने में कुछ अड़ंगे दिख रहे हैं।
समाजवादी पार्टी ने इसकी पहल करते हुए सदर ब्लाक चित्रकूट से अपना प्रत्याशी ममता देवी को घोषित कर इसकी शुरुआत कर दी है। अन्य दलों से अभी तक कोई प्रत्याशी सामने नहीं आया है लेकिन हर ब्लाक के लिए भाजपा, सपा व बसपा अलग अलग रणनीति बना रहीं हैं। जिले में पांच ब्लाक हैं जिसमें प्रमुख पद का चुनाव होना है। इसकी शासन प्रशासन से कोई अभी कोई तारीख घोषित नहीं हुई है लेकिन बुधवार को समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष अनुज यादव ने सदर ब्लाक चित्रकूट से ममता देवी, बीडीसी खुटहा को अपनी पार्टी का अधिकृत प्रत्याशी घोषित कर पहल कर दी है। शायद सपा ब्लाक प्रमुख पद के चुनाव में अपनी उपस्थिति दर्शाना चाहती है क्योंकि जिला पंचायत अध्यक्ष पद तो सपा बसपा का पूरी तरह से समर्पण ही दिखा था। इन दोनों दल के पास छह छह समर्थित सदस्य होने के बाद भी नामांकन तक नहीं कर सके और महज चार सीट वाली भाजपा की झोली में अध्यक्ष की सीट जा गिरी।