चित्रकूट। पंचायत के ग्राम निधि खाते में आवंटित धनराशि में किए गए घपले मेेंं डीपीआरओ समेत तीन को निलंबित करने का मामला सुर्खियों में है। इस घोटाले में शामिल अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई कराने की मांग की गई है। 17 सचिवों के खिलाफ दर्ज कोतवाली में रिपोर्ट की जांच में तेजी आई है। इसके अलावा अब प्रधानों के खाते भी खंगाले जा रहे हैं।
वित्तीय वर्ष 2019-20 से लेकर 2022-23 तक के चार साल के दौरान पहाड़ी व मानिकपुर के ब्लाक क्षेत्र के 75 ग्राम पंचायतों के ई ग्राम स्वराज पोर्टल पर खर्च धनराशि का सही वितरण न मिलने पर जांच कराई गई। जिस में 22.82 लाख रुपये का खर्च का प्रमाणिक विवरण नहीं मिला। एक संस्था से ही कई प्रधान व सचिव ने भुगतान कराया। जिसका पंजीयन भी नहीं था। इसकी जांच में यह सब घोटाला सामने आ गया।
अमर उजाला ने 10 दिसंबर को 17 सचिवों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होने की खबर छापी थी। इसी मामले में अधिकारियों द्वारा लीपापोती करने के आरोप शासन मेंं मंडलीय उप निदेशक, डीपीआरओ चित्रकूट, व ए डीपीआरओ को निलंबित किया गया है। डीपीएम धर्मेंद्र यादव, एडीपीएम अंकुर त्रिपाठी व जिला कंसल्टेंट प्रभात द्विवेदी की सेवा समाप्त की गई है। सचिवों को भी निलंबित करने के आदेश हुए हैं।
अधिवक्ता रूद्र प्रसाद मिश्र कहा कि पहाड़ी ब्लाक व मानिकपुर मेंं पंचायत निधि में 22 लाख रुपये के किए गए घोटाले मात्र बानगी है। इस तरह के कई घोटाले हुए हैं। जिसमें जिले के अधिकारी व कर्मचारी निलंबित किए गए। इनकी जांच चल रही है। जिसको कुछ दिन बाद ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा। पंचायत निधि के मामले में किए गए घोटाले में जितने भी अधिकारी व कर्मचारी लिप्त पाए गए हैं। उनको बर्खास्त कर जेल भेजा जाए।