चित्रकूट। सर्राफा व्यापारी रोहिल अग्रवाल व क्षेत्राधिकारी नगर हर्ष पांडेय के प्रयासों से सर्राफा मार्केट शंकर बाजार कर्वी में पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला ने सीसीटीवी युक्त पुलिस बूथ का उद्घाटन किया। अब इस मार्केट में 24 घंटे पुलिस टीम मौजूद रहेगी।
पुलिस बूथ का शुभारंभ करने के बाद एसपी ने कहा कि व्यापारी निरंतर शिकायत कर रहे थे कि शाम को अराजकतत्व शराब पीकर अराजकता फैलाते हैं। जिससे व्यापार पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। इसके दृष्टिगत जनसहयोग से पुलिस सहायता केंद्र की व्यवस्था की गई है। इसमें 24 घंटे पुलिस की ड्यूटी रहेगी। ताकि आम जनमानस में सुरक्षा का भाव पैदा हो सके। व्यापारी सुरक्षा के वातावरण में व्यापार करें। इसके अलावा पुलिस महानिदेशक के ऑपरेशन दृष्टि के क्रम में सर्राफा मार्केट को कवर करने के लिए सीसीटीवी कैमरा लगवाए गए हैं। जिनकी फीड पुलिस बूथ में प्रसारित की जाएगी। बाद में यह प्रयास होगा कि इन कैमरों की फीड को कोतवाली कर्वी या पुलिस कन्ट्रोल रुम में भी प्रसारित किया जाए। इस मौके पर सीओ सिटी हर्ष पांडेय, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली गुलाब त्रिपाठी, पीआरओ प्रदीप पाल सहित व्यापारी आदि मौजूद रहे।