चित्रकूट। माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा में नकल माफिया पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन और जिला विद्यालय निरीक्षक ने नई व्यवस्था लागू की है। वहीं सामूहिक नकल की आशंका पर तीन विद्यालयों को नोटिस भी जारी की गई है। डीआईओएस प्रेमप्रकाश मौर्य ने बताया कि कुछ केंद्रों में बोल-बोलकर नकल कराने की शिकायत मिली थी। उन्होंने बताया कि इसकी भी काट निकाल ली गई है।
उन्होंने सभी सचल दल प्रभारियों को निर्देश दिया है कि वे जहां भी ऐसी आशंका मिले, वहां कापियों का मिलान कराएं। उसी विषय का अध्यापक ड्यूटी करता पाया जाए तो उसे कार्यमुक्त किया। एक जैसे उत्तर पाए जाने पर सामूहिक नकल मानकर कार्रवाई की जाए। साथ ही केंद्र व्यवस्थापक के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज करने की संस्तुति कर दूसरे व्यवस्थापक की तैनाती करें। उन्होंने बताया कि तीन परीक्षा केंद्रों स्व. बुइया बाई इंटर कालेज, परम विद्या मंदिर इंटर कालेज शिवरामपुर, संजय गांधी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हन्ना बिनैका को इस संबंध में नोटिस जारी की गई है।
एक और सचल दस्ता बना
चित्रकूट। डीआईओएस ने बताया कि अभी तक तीन सचल दल थे। नकल रोकने के लिए एक और दस्ता बनाया है, जिसकी अगुवाई सीआईसी के प्रवक्ता वीपी निर्मल करेंगे। उनके साथ शंकर प्रसाद यादव, शैलेंद्र सिंह और सीमा जायसवाल की तैनाती की गई है।