चित्रकूट/खोही। रामघाट स्थित मत्यगजेंद्रनाथ मंदिर में अब रोज चारों पहर की आरती होगी। शयन आरती के बाद रात 10 बजे मंदिर के पट बंद कर दिए जाएंगे और भोर में मंगला आरती के साथ पट खुलेंगे। मंदिर ट्रस्ट ने एक जनवरी से यह व्यवस्था लागू कर दी है।
मत्यगजेंद्रनाथ व पर्णकुटी मंदिर सेवा ट्रस्ट के कार्यवाहक अध्यक्ष प्रदीप महराज ने रविवार को बताया कि राजाधिराज सरकार मंदिर की भव्यता और दिव्यता के लिए कई प्रभावी कदम उठाए गए हैं। मंदिर के गर्भगृह को चांदी से पाटने की योजना है।
सरकार की जलहरी से लेकर गर्भगृह की दीवारों पर चांदी का आवरण चढ़ेगा। इसके लिए भक्तों द्वारा भी सहयोग किया जा रहा है। अन्नपूर्णा प्रसादम की व्यवस्था की गई है। पुजारी विपिन महराज ने बताया कि एक जनवरी से राजाधिराज की चारों पहर में आरती शुरू हो गई है। सुबह पांच बजे मंगला आरती, दिन में 12 बजे भोग आरती, शाम सात बजे श्रृंगार आरती और रात दस बजे शयन आरती के बाद पट बंद कर दिए जाएंगे।