चित्रकूट। डीएम अभिषेक आनंद और एसपी अरुण कुमार सिंह ने 11 फरवरी को होने वाली समीक्षा अधिकारी, सहायक समीक्षा अधिकारी परीक्षा की तैयारी के लिए बैठक की। सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, सह केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि इसमें किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। यह संवेदनशील मामला है।
कलक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में डीएम ने कहा कि जिले में पहली बार यह परीक्षा हो रही है। सभी की बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। सेक्टर मजिस्ट्रेटों से कहा कि समय से कोषागार से प्रश्न पत्र परीक्षा केंद्रों पर पहुंचाएं। रोडवेज, रेलवे के अधिकारी परीक्षार्थियों के आवागमन के साधनों की व्यवस्था कराएं। एसडीएम, सीओ, एआरटीओ स्थानीय स्तर पर टेंपो, टैक्सी यूनियन की बैठक कर किराया आदि तय करें।
केंद्र व्यवस्थापकों तथा प्रधानाचार्यों से कहा कि सभी केंद्रों पर अच्छी साफ सफाई, प्रकाश, परीक्षार्थियों के बैठने की समुचित व्यवस्थाएं रखें। परीक्षा के दौरान सीसीटीवी कैमरा संचालित रहे।
एडीएम वंदिता श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक चक्रपाणि त्रिपाठी ने भी जरूरी निर्देश दिए। लोक सेवा आयोग के नोडल अधिकारी अतुल कुमार तिवारी व सहायक नोडल अधिकारी मोहम्मद इसरार ने महत्वपूर्ण जानकारी दी।