फोटो 04सीकेटीपी 03 प्राधिकरण की सचिव इला चौधरी। संवाद
चित्रकूट। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देश पर जिले में नौ मई को द्वितीय राष्ट्रीय लोक अदालत लगेगी। इस अदालत में ज्यादा-से-ज्यादा वादों का निपटारा कराने के लिए प्राधिकरण ने कमर कस ली है। शुक्रवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव इला चौधरी ने लोक अदालत के लिए सभी से सहयोग भी मांगा।
सचिव इला चौधरी ने कहा कि जनता को न्याय दिलाने के लिए समय-समय पर लोक अदालत शिविर आयोजित होते हैं। इनके जरिए अधिक-से-अधिक वादों का सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण किया जाता है। उन्होंने बताया कि नौ मई को होने वाली लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के मामले निपटाए जाएंगे। इनमें शमनीय आपराधिक वाद, धारा-138 एनआई एक्ट, मोटर एक्सीडेंट क्लेम वाद, बैंक वसूली वाद और विद्युत अधिनियम से संबंधित मामले शामिल हैं। पारिवारिक/वैवाहिक वाद, भूमि अधिग्रहण, राजस्व/चकबंदी वाद और सिविल वाद भी सुने जाएंगे।