चित्रकूट। जेल में बंद माफिया मुख्तार अंसारी की बहू निखत बानो और उसके चालक की जेल में विधायक अब्बास अंसारी से मिलाने में मदद के आरोप में पकड़े गए सपा नेता की मुश्किलें बढ़ गई हैं। शनिवार को विकास प्राधिकरण की टीम ने उसके आवास की नाप की। आशंका जताई जा रही है कि नियम विरुद्ध घर बना मिला तो इस पर बुलडोजर चल सकता है। हालांकि इस संबंध में अधिकारी कुछ बता नहीं रहे हैं।
10 फरवरी को जिला जेल में विधायक अब्बास अंसारी से गैरकानूनी तरीके से मिलने पर उसकी पत्नी निखत बानो और उसके चालक नियाज को छापा मारकर डीएम-एसपी ने जेल परिसर से पकड़ा था। जांच के बाद सपा के निवर्तमान महासचिव फराज खान को निखत और नियाज का सहयोग करने के आरोप में पकड़ा गया था। आरोप है कि रुपयों के लेनदेन, किराये पर मकान दिलाने, महंगे गिफ्ट जेल अधिकारियों को पहुंचाने और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में इसका हाथ रहा है।
एसआईटी ने उसे 20 फरवरी को गिरफ्तार कर लखनऊ की जेल में भेजा है। इसी मामले में आशंका है कि उसके भवन पर भी बुलडोजर चल सकता है। शनिवार को उसके आवास के पास नापजोख करने पहुंचे विकास प्राधिकरण के जेई और अन्य कर्मचारियों ने मीडिया को कुछ नहीं बताया। लगभग आधा घंटा नापजोख कर चले गए। सपा नेता के पिता मुन्ने खां ने बताया कि उनसे घर का नक्शा मांगा गया है, जो प्राधिकरण में ही जमा है। उनके बगल में किराये पर खुले होटल के लिए बताया कि इसका पर्यावरण के कागज न होने पर इसे बनवाने के लिए कहा गया है।
उधर, प्राधिकरण की प्रभारी एडीएम वंदिता श्रीवास्तव ने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। जेई तो किसी भी घर की नापजोख या जानकारी लेने जा सकते हैं। सदर एसडीएम राजबहादुर ने बताया कि नापजोख का कोई अन्य कारण भी हो सकता है। फिलहाल बुलडोजर चलने की बात से इन्कार किया है। तहसीलदार राकेश पाठक ने कहा कि उन्हें जानकारी नहीं है।