चित्रकूट। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। इसमें अधूरे कार्य समय से पूरे न होने व ममसी बुर्जग गांव के इंटर कालेज का भवन शुभारंभ से पहले ही क्षतिग्रस्त होने पर सांसद आरके सिह पटेल ने नाराजगी जताई और अधिकारियों से सवाल जवाब किया। साथ ही बैठक में उपस्थित न होने पर नेशनल हाईवे के परियोजना प्रबंधक, परियोजना प्रबंधक सीएनडीएस, उपनिदेशक मंडी, एएसआई के अधिकारी व गैस एजेंसी के एरिया मैनेजर से जवाब तलब करने के निर्देश दिए।
बैठक में सांसद ने मजूदरों को समय से मनरेगा की मजदूरी न मिलने, गांव में इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराने व खोह में राष्ट्रीय राजमार्ग झांसी मिर्जापुर पर रेलवे लाइन के ऊपर बने अधूरे पुल को लेकर अधिकारियों से सवाल किया। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में सही प्रस्ताव न भेजने पर मात्र दो सड़क स्वीकृत होने पर नाराजगी जताई। सांसद ने डीएम से कहा कि अधिशासी अभियंता प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के खिलाफ कार्रवाई करें। इनकी कमी के कारण जनपद की सड़कें स्वीकृत नहीं हुईं और इनके द्वारा समय से टैगिंग करके सही तरीके से प्रस्ताव नहीं भेजा गया।
कार्यदायी संस्था समाज कल्याण निर्माण निगम के अधिकारियों से कहा कि ममसी गांव में राजकीय हाई स्कूल का निर्माण कराया गया है जो बिना हैंडओवर के ध्वस्त हो गया है। उन्होंने डीएम शेषमणि पांडेय से कहा कि कार्यदायी संस्था के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ठेकेदार और संस्था के अधिकारियों से वसूली कराई जाए। डीएम ने सीडीओ अमित आसेरी से कहा कि जांच कमेटी गठित कर कार्रवाई सुनिश्चित करें। राज्यमंत्री चंद्रिका उपाध्याय व मानिकपुर विधायक आनंद शुक्ला ने सौभाग्य योजना के अधूरे पडे़ कार्यों क ो लेकर कंपनी के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
डीएम ने डीसी मनरेगा को निर्देश दिए कि इस माह का वेतन आपका तभी निकाला जाएगा जब आप मजदूरी का भुगतान शत प्रतिशत करा देंगे तथा प्रमाण पत्र देंगे। सांसद ने अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई को निर्देश दिए कि जनपद में कितने चेकडैम बने हैं तथा कितने टूटे हैं उसका स्थलीय निरीक्षण कराते हुए विवरण उपलब्ध कराएं। पेयजल आपूर्ति की समीक्षा पर अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई से कहा कि जल जीवन मिशन में जो कार्य योजना बनाई जाए उसका शत प्रतिशत लाभ जनपद को मिलना चाहिए। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्र प्रकाश खरे, प्रदेश मंत्री अशोक जाटव व सांसद प्रतिनिधि शक्ति प्रताप सिंह तोमर आदि मौजूद रहे।