कार्यक्रम स्थल का जायजा लेते आईजी, डीआईजी और एसपी
- फोटो : अमर उजाला
मंगलवार की शाम हेलीपैड और कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करने आईजी जोन इलाहाबाद आरके चतुर्वेदी ने डीआईजी ज्ञानेश्वर तिवारी और एसपी केके चौधरी के साथ किया। उनके साथ बम निरोधक दस्ता ने भी हेलीकाप्टर उतरने वाले स्थान से लेकर उस मार्ग का निरीक्षण किया, जहां से मुख्यमंत्री का काफिला गुजरना है। आईजी जोन ने पुलिस लाइन में सभी ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवानों के साथ बैठक कर निर्देश दिए कि किसी भी सूरत में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। पूरा क्षेत्र पुलिस जवानों की निगरानी में रहेगा।
एसपी ने बताया कि जिले की पुलिस फोर्स के आलावा पांच कंपनी पीएसी, 400 कांस्टेबिल, 20 सीओ, 40 ट्रैफिक जवान,50 महिला पुलिस समेत पांच बीडीएस टीम और तीन डाग स्कावयड के जवान तैनात कर दिए गए हैं। यह फोर्स इलाहाबाद, फतेहपुर, बांदा, कौशांबी जिले से मंगाई गई है। देर शाम को मुख्यमंत्री के फ्लीट की कारें और सुरक्षाकर्मी भी पहुंच गए हैं।
हेलीपैड और मंच तैयार करने को रातोंरात काम जारी है। मंगलवार की शाम तक पंडाल लगभग तैयार हो गया था। हेलीपैड पर भी पत्थर लगा दिए गए हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री के ठहरने वाले डाक बंगला और सचिव के ठहरने के लिए यूपी टूरिस्ट बंगले में भी सुरक्षा के साथ भोजन और अन्य व्यवस्थाएं कर दी गई हैं।