चित्रकूट। जिला संयुक्त चिकित्सालय में स्वास्थ्य सुविधाओं को हाईटेक बनाने की कवायद तेज हो गई है। यहां की ऑपरेशन थिएटर (ओटी) अब नए कलेवर में संवर रही है।
गर्भवती महिलाओं को बेहतर, सुरक्षित और संक्रमण मुक्त शल्य चिकित्सा सुविधा देने के लिए शासन ने 88.01 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। इसी लागत से ओटी और लेबर रूम को मॉड्यूलर बनाया जा रहा है।
अस्पताल प्रशासन के मुताबिक कार्य तेजी से चल रहा है और इसे दो महीने के अंदर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। नई मॉड्यूलर ओटी पूरी तरह से अत्याधुनिक होगी।
इसमें एंटी-बैक्टीरियल पैनलिंग, विनाइल फ्लोरिंग, एंटी-बैक्टीरियल पेंट, फॉल्स सीलिंग, सर्जिकल स्टोरेज सिस्टम, इलेक्ट्रिकल डिस्ट्रीब्यूशन बोर्ड की सुविधा होगी। इसके अलावा मेडिकल गैस पाइपलाइन सिस्टम (एमजीपीएस), सिविल व प्लंबिंग कार्य, पूरी तरह एयर कंडीशंड सिस्टम और 2-डोम वाली एलईडी ओटी लाइट्स जैसी सुविधाएं होंगी।
इससे ऑपरेशन के दौरान संक्रमण का खतरा न के बराबर रहेगा और चिकित्सकों को भी बेहतर माहौल में काम करने की सुविधा मिलेगी। अस्पताल के सीएमएस शैलेंद्र कुमार ने बताया कि निर्माण के दौरान मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए एक टेम्परेरी ओटी पहले से ही तैयार कर ली गई है।
इसमें रोजाना होने वाले सामान्य और इमरजेंसी ऑपरेशन जारी हैं। हालांकि मॉड्यूलर ओटी बनने के बाद संस्थागत प्रसव को बढ़ावा मिलेगा और जच्चा-बच्चा दोनों को सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा।