कलक्ट्रेट सभागार में अल्पसंख्यक अधिकार दिवस मनाया गया। इसमें अधिकार एवं कर्तव्यों की जानकारी दी गई। डीएम नीलम अहलावत ने बताया कि अल्पसंख्यक वर्गों के लिए चलाई गई कामधेनु योजना के तहत मुस्लिम समुदाय के लोगों ने आवेदन नहीं किया है।
जैन समुदाय का मात्र एक व्यक्ति मिला है। डीएम ने बताया कि तीन बार विज्ञापन भी प्रकाशित कराया गया। अल्पसंख्यक समुदाय से आवेदक न मिलने की वजह से कोटा खाली है।
उन्होंने लोगों को सोच बदलने और विकास करने की प्रेरणा दी। कहा कि वे सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी के लिए उनसे मिल सकते हैं।
डीएम ने बताया कि 29 और 30 दिसंबर को राष्ट्रीय रामायण मेला परिसर में उद्यान विभाग की गोष्ठी होगी, जिसमें विभागीय योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
परियोजना निदेशक एससी राय ने कहा कि अल्पसंख्यक अधिकार दिवस कर्त्तव्य दिवस है और अधिकार दिवस। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. वेदप्रकाश ने विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि खाद बीज में अल्पसंख्यकों को बीस फीसदी का आरक्षण दिया गया है। बताया कि स्प्रिंकलर सेट के आवेदन पत्र मिल चुके हैं, किसी को आवश्यकता हो तो आवेदन कर सकता है।
इस मौके पर अन्य विभागीय योजनाओं के बारे में अधिकारियों ने जानकारी दी। इस मौके पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. एनके गहलौत, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी हरीश कुमार, सदर विधायक प्रतिनिधि चंचल चित्त पटेल, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अफजल अली, सहरोज फातिमा, मो. रफीक, मुराद खान कमलेश द्विवेदी आदि मौजूद रहे।