चित्रकूट। जिला प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने मंगेश यादव एनकाउंटर पर सवाल उठाने पर अखिलेश यादव पर तंज कसा। कहा कि सपा मुखिया किसी भी घटना को जातीय रंग देने की कोशिश करते हैं। मुख्यमंत्री योगी के शासनकाल में अपराधियों में कानून की दहशत है और जनता में कानून का राज मिला है। हरियाणा विधानसभा चुनाव में महिला पहलवानों को कांग्रेस का टिकट देने पर कहा कि इससे साबित हो गया कि कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण सिंह के खिलाफ पहलवानों के आंदोलन में कांग्रेसियों का हाथ था।
जगदगुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग राज्य विश्वविद्यालय परिसर में पत्रकारों से बातचीत में जिला प्रभारी मंत्री ने कहा कि अगर कोई अपराधी जनता या अधिकारी पर हमला करेगा तो पुलिस उसे फूलों की माला थोड़े पहनाएगी। अखिलेश यादव को अपना शासन काल याद आ रहा है, जब उनकी सरकार में प्रदेश को दंगों के हवन कुंड में डाल दिया था। अपराधियों को सडक़ों में छोड़ दिया था।
नरेंद्र कश्यप ने अपर्णा यादव के नाराज होने पर कहा कि हमारी पार्टी बड़ा परिवार है। कुछ मुद्दों पर शिकवे शिकायत हो सकते हैं। कहा कि अपर्णा बहुत समझदार हैं और पार्टी के लोग उनसे बात कर रहे हैं। अपर्णा पार्टी की मजबूती के लिए काम करेंगी। हरियाणा में खिलाड़ी विनेश फोगाट को कांग्रेस का टिकट मिलने पर कहा कि अब स्पष्ट हो गया है कि पूर्व में हुए विवाद में आंदोलनकारियों को कांग्रेस पीछे से समर्थन दे रही थी। अब वही खिलाड़ी कांग्रेस की गोद में बैठ रहे हैं, जो भाजपा सरकार को बदनाम कर रहे थे।