मऊ (चित्रकूट)। दूध बेचकर घर जा रहे दूध बेचने वाले को वाहन ने हाईवे पर टक्कर मार दी। इसके चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शिनाख्त कर घटना की जानकारी परिजनों को दी।
राजापुर थाना क्षेत्र के गोबरौल निवासी रमाकांत निषाद शनिवार की सुबह मऊ कस्बे में दूध बेचने के लिए गया था। थाना प्रभारी राजेश द्विवेदी ने बताया कि परिजनों के मुताबिक देर शाम को वह बाइक से घर लौट रहा था। जैसे ही वह झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित बरिया गांव स्थित पुल के पास पहुंचा तभी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिसके चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बाइक सवार ने हेलमेट नहीं पहना था। थोड़ी देर बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने इसकी सूचना मऊ पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास जानकारी कर इसकी सूचना परिजनों को दी। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।