चित्रकूट। गल्ला आढ़तियों व मंडी सचिव समेत अन्य कर्मचारियों के बीच हुई मारपीट का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। व्यापारी हड़ताल पर अड़े हैं। वहीं आंदोलन को और तेज करने के लिए सोमवार को आनलाइन बैठक कर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
मंडी निदेशक को भी मामले की जानकारी दी जाएगी। मंडी सचिव को बर्खास्त करने और व्यापारियों पर दर्ज मुकदमे वापस कराने की भी मांग की जा रही है। वहीं मारपीट के सीसीटीवी फुटेज न मिलने पर व्यापारियों ने इसे साजिश बताया है।
मंगलवार को गल्लामंडी कर्वी परिसर में एक आढ़ती का बिजली का कनेक्शन काटने पर बवाल हुआ था। इसमें मंडी सचिव विपुल कुमार ने कोतवाली में 17 व्यापारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
वहीं व्यापारी पूरे मामले की सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करने की मांग लगातार कर रहे हैं। जबकि मंडी सचिव ने सीसीटीवी फुटेज न होने की बात कही है। गल्ला व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल और महामंत्री गुलाब गुप्ता ने कहा कि मंडी सचिव ने फर्जी मामला दर्ज कराया है।
सीसीटीवी फुटेज क्यों नहीं दिया जा रहा है। सोमवार को भी हड़ताल जारी रहेगी। मुख्यमंत्री तक भी शिकायत कर दी गई है। उधर, बुंदेलखंड गल्ला व्यापार मंडल के अध्यक्ष प्रदीप माहेश्वरी ने कहा कि आनलाइन बैठक कर्वी के गल्ला व्यापारियों के साथ की जाएगी। इसमें आंदोलन की रूपरेखा तय की जाएगी।