चित्रकूट। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के तृतीय चरण का वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से वर्चुअल शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग व अंतर विभागीय के जन सहयोग से संचारी रोग नियंत्रण का लगातार तीन वर्ष से कार्यक्रम चल रहा है। इससे अच्छे परिणाम आए हैं। पहले प्रदेश के 38 जनपदों पर हजारों मौतें होती थीं। मार्च 2017 में भाजपा सरकार के गठन के बाद से दिमागी बुखार सहित अन्य रोगों पर नियंत्रण हुआ है।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि शुद्ध पेयजल के लिए हैंडपंप व पाइप लाइन के माध्यम से व्यवस्था की गई है। जिलाधिकारी यह सुनिश्चित करें कि जिन विभागों को जो लक्ष्य दिया गया है उनको शत-प्रतिशत पूर्ण कराएं। इसमें लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान एनआईसी में जिलाधिकारी शेषमणि पांडेय ने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. इम्तियाज को निर्देश दिए कि 31 अक्टूबर तक संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम का अभियान चलाया जाना है। शासन की गाइड लाइन के अनुसार सभी कार्य कराएं।
इस मौके पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ध्रुव कुमार, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश पहाड़ी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओमकार राणा, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मनोज कुमार यादव व बाल विकास परियोजना अधिकारी शहर बीएल गुप्ता मौजूद रहे।