चित्रकूट/खोही। धर्मनगरी के मेला क्षेत्र में आज अमावस्या पर लॉकडाउन लगा रहेगा। मध्य प्रदेश क्षेत्र के मंदिरों के कपाट बंद रहेंगे। वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। यूपी क्षेेत्र में जिला प्रशासन ने साधु संतों के साथ बैठक कर पहले ही निर्देश जारी किए हैं कि श्रद्धालु कोरेाना संक्रमण को देखते हुए मेला क्षेत्र में न आकर घरों में ही पूजन करें।
बुधवार की सुबह से ही रामघाट से लेकर भगवान कामदनाथ मंदिर और अन्य मंदिरों में हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। इन श्रद्धालुओं में ज्यादातर ने बताया कि लॉकडाउन खुलने और एक दिन बाद अमावस्या होने पर सभी मंदिरों में दर्शन करने आये हैं।
सतना जिलाधिकारी अजय कटेसरिया ने आदेश जारी कर दिया है कि बुधवार की दोपहर से पूरे मेला क्षेत्र में लॉकडाउन रहेगा। 11 जून शुक्रवार की सुबह छह बजे तक किसी बाहरी वाहन का मेला क्षेत्र में प्रवेश नहीं होगा। मंदिरों के पट भी बंद रहेंगे। सिर्फ मेडिकल व आवश्यक सामग्री की दुकानें खुलेंगी।
मेले में बिछड़ी वृद्धा
बरगढ़। परानू बाबा मंदिर में आयोजित मेले में दर्शन करने आई शंकरगढ़ के अभयपुर की 70 वर्षीय सावित्री देवी परिजनों से बिछड़ गई। बुधवार की देर शाम को मेला क्षेत्र में अकेली वृद्धा को रोेते बिलखते मिलने की सूचना पर थाना प्रभारी रविप्रकाश पहुंचे और उसे थाने ले कर आए। पूछताछ के बाद परिजनों तक संदेश भेजा है कि थाने आकर महिला को ले जाएं। (संवाद)